कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा है कि उन्होनें और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने उनके पिता के हत्यारों को पूरी तरह माफ कर दिया है।
ये बातचीत सिंगापुर में आईआईएम के छात्रों के साथ एक कार्यक्रम के दौरान बातचीत के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कही थी। जब राहुल से ये पूछा गया कि क्या उन्होनें अपने पिता के हत्यारों को माफ कर दिया है तो जवाब में राहुल ने कहा कि कुछ सालों तक हम काफी परेशान थे और चोट भी लगीं थी लेकिन किसी तरह हमने पिता के हत्यारों को पूरी तरफ से माफ कर दिया है।
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि यह एक कीमत उनके परिवार को चुकानी थी जिसके बारे में परिवार को पता था। क्योंकि जब आप कोई स्टैंड लेते है जो कई गलत शक्तियों के खिलाफ होता है तो आप मरेंगे। उन्होंने कहा कि हमें पता था कि मेरे पिता मरने जा रहे हैं। हमें पता था कि मेरी दादी मरने जा रही थीं। राहुल ने कहा कि मेरी दादी ने मुझसे कहा था कि मैं मरने जा रही हूं और मेरे पिता को मैंने कहा था कि वह मरने जा रहे हैं। कांग्रेस ने राहुल गांधी का यह वीडियो ट्वीटर हैंडल पर शेयर किया है।
राहुल ने कहा कि हमने हमारे पिता के हत्यारों को माफ़ कर दिया है। कारण चाहे जो भी हो, मुझे किसी भी प्रकार की हिंसा पसंद नहीं है। प्रधानमंत्रियों के परिवार से जुड़े होने का क्या फायदा मिला, इस पर राहुल ने कहा, "ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप सिक्के के कौन से पहलू हैं। हां, ये सच है कि जहां मैं हूं वहां कई तरह की सुविधाएं हैं। लेकिन ये नहीं कहा जा सकता है कि मैं मुश्किल राहों से नहीं गुजरा।
" राहुल ने आगे कहा कि जब 14 साल का था, तब दादी की हत्या हो गई। जिन्होंने मेरी दादी को गोली मारी, मैं उनके साथ बैडमिंटन खेलता था। इसके बाद मेरे पिता की हत्या कर दी गई।"आप एक खास तरह के माहौल में रह रहे होते हैं। सुबह से लेकर रात तक आप 15 लोगों से घिरे होते हैं। मुझे नहीं लगता कि ये सुविधाएं हैं। इन सबसे सामंजस्य बैठाने में मुश्किल आती है।"
